कोलकाता | NHP Bharat Published BY: मानव मंडल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नॉर्थ बंगाल के औद्योगिक विकास, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देने के उद्देश्य से 30 जुलाई 2026 को नबान्न में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। दोपहर 2:30 बजे नबान्न की 13वीं मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में हुई इस बैठक में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) – नॉर्थ बंगाल चैप्टर के लगभग 40 प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री दीपक बर्मन तथा राज्य मंत्री अशोक डिंडा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नॉर्थ बंगाल की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और उद्योग जगत के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा करना था।
बैठक के दौरान डॉ. शंकर घोष ने नॉर्थ बंगाल में पर्यटन और उद्योग के समन्वित विकास पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाकर निवेश को प्रोत्साहित किया जा सकता है। उन्होंने सरकार की विकास योजनाओं और क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
चर्चा के दौरान इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) – नॉर्थ बंगाल चैप्टर के प्रतिनिधियों ने उद्योगों के सामने आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं और निवेश से जुड़ी आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष रखा। सरकार की ओर से उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
बैठक में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए 'सिंगल विंडो सिस्टम (एक जनला परियोजना)' को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से उद्योग स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को विभिन्न विभागों की मंजूरियां एक ही प्लेटफॉर्म पर शीघ्र उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।
सरकार का मानना है कि नॉर्थ बंगाल में बेहतर सड़क, परिवहन, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक बुनियादी ढांचे के विकास से क्षेत्र में नए निवेश आकर्षित होंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक के अंत में उद्योग प्रतिनिधियों और सरकार के बीच भविष्य में भी नियमित संवाद बनाए रखने तथा औद्योगिक विकास से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक पहल करने पर सहमति व्यक्त की गई।