हापुड़। रेलवे रोड स्थित विष्णु प्लाजा में ZNET Education की ओर से युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन में सकारात्मक योगदान जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक विवेक शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों को समझने और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव पर हुई चर्चा
संवाद के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए बड़े स्तर पर कार्य करना ही आवश्यक नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में किए जाने वाले छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर प्रचारक संदीप ने युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में नगर प्रचारक संदीप ने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
संवाद के दौरान उपस्थित युवाओं ने भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए।
नितिन गोयल बोले- लगातार होने चाहिए ऐसे संवाद
कार्यक्रम के आयोजक नितिन गोयल ने कहा कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के संवाद कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में चंचल, छवि, साक्षी, हेमा, उत्तम, शिवम्, प्राची, सना, आदिल, प्रशांत, ऋषव, मुस्कान, प्रियंका, नीरज, सोनू, गुनगुन, कनिष्क, उदय, राम राज, अमन, विकास और सुमित समेत अन्य युवा उपस्थित रहे।