वृंदावन/मथुरा। वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित चीरघाट के पास सड़क पर खड़े ई-रिक्शा को हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर संघर्ष हो गया। आरोप है कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जबकि वायरल वीडियो में एक युवक द्वारा नुकीली वस्तु से हमला किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। घटना में करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है।
मामला यहीं नहीं रुका। घायलों में से एक मरीज को गंभीर हालत में आगरा रेफर किए जाने के दौरान एम्बुलेंस के EMT और चालक पर भी हमला किए जाने का आरोप है। घायल EMT ने थाना जैंत में करीब 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। वृंदावन और जैंत थाना पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
ई-रिक्शा आगे बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे परिक्रमा मार्ग स्थित चीरघाट के पास एक ई-रिक्शा खड़ा था। बताया जा रहा है कि एक नाविक ने चालक से ई-रिक्शा आगे बढ़ाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि वाहन में डंडा मारने के बाद विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों से कई लोग आमने-सामने आ गए और यमुना किनारे लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए संघर्ष से घाट और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग आपस में मारपीट करते दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। एक युवक द्वारा नुकीली वस्तु से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रवि, लोटन, कौशल, नीरज और योगेश के घायल होने की जानकारी
जहांगीरपुर निवासी राजेंद्र निषाद के मुताबिक संघर्ष में उनके परिवार के रवि, लोटन, कौशल, नीरज और योगेश घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंचे, जहां से घायलों को चिकित्सीय परीक्षण और उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में योगेश की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
आगरा ले जाते समय एम्बुलेंस कर्मियों पर हमले का आरोप
आरोप है कि रेफर किए गए मरीज को एम्बुलेंस तक ले जाते समय वहां एक बार फिर विवाद हो गया। एम्बुलेंस के आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन (EMT) अखैराम यादव और चालक दीपेश यादव पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।
हमले में दोनों एम्बुलेंस कर्मियों के घायल होने की जानकारी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
EMT ने 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर
घायल EMT की ओर से थाना जैंत में करीब 20 से 25 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।
वहीं वृंदावन पुलिस चीरघाट पर हुए संघर्ष से संबंधित वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और दोनों घटनाओं की परिस्थितियां पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होंगी।