वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र स्थित कैथी में पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र मार्कंडेय महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। सावन माह में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और गोस्वामी समिति ने यह विशेष पहल की है, जिससे श्रद्धालु बिना अधिक धक्का-मुक्की के भगवान मार्कंडेय महादेव के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर समिति के अनुसार इस आधुनिक व्यवस्था पर लगभग 6.50 लाख रुपये की लागत आई है। इसके तहत मंदिर परिसर में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। एक एलईडी मुख्य प्रवेश द्वार पर और दूसरी गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर स्थापित की गई है, ताकि लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु भी भगवान के सजीव दर्शन कर सकें।
गोस्वामी समिति के अध्यक्ष बजरंगी गिरी के नेतृत्व में इस व्यवस्था को साकार किया गया है। समिति का कहना है कि सावन माह में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा मार्कंडेय महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लाइव दर्शन की सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए गर्भगृह के बाहर अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव कम होगा और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लाइव दर्शन व्यवस्था का एक बड़ा उद्देश्य मंदिर परिसर में होने वाली चैन स्नैचिंग और अन्य अव्यवस्थाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण करना है। भीड़ कम होने और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था से सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
इस कार्य को सफल बनाने में गोस्वामी समिति के मंत्री संतोष कुमार गिरी (पप्पू), सचिन, अनिल गिरी, कोषाध्यक्ष दिलीप गिरी, सदस्य गौरव गिरी तथा सदस्य उमेश गिरी (मिंटू) सहित अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्रद्धालुओं ने इस नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए इसे सावन माह के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया है।