मारपीट में दंपती घायल, चार पर मुकदमा दर्ज
चौबेपुर (वाराणसी): क्षेत्र के टेकुरी गांव में मारपीट की घटना में एक दंपती घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राहुल रघुवंशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जून की शाम करीब 7:30 बजे पड़ोसी धीरेंद्र सिंह, पवन सिंह, हेमंत सिंह और बीना सिंह बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में राहुल रघुवंशी और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।
पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।