चौबेपुर में बाबा साहब, भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़, FIR दर्ज | NHP Bharat

Varanasi

वाराणसी: चौबेपुर में बाबा साहब, भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Aug 1, 2026
1 Likes
2
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

वाराणसी। जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध और मां काली की प्रतिमाओं से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शनिवार सुबह ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर चौबेपुर पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी।

जांच के दौरान गांव से कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के किनारे मां काली की क्षतिग्रस्त प्रतिमा भी बरामद हुई। पुलिस ने प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना के विरोध में भीम आर्मी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर नई प्रतिमाएं स्थापित कराने की मांग की। लगभग दो घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से वार्ता की।

एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्थानीय निवासी राजकुमार गौतम की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

प्रशासन ने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर शीघ्र नई प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी। प्रशासन के इस आश्वासन और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भीम आर्मी एवं बसपा कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई।

इस दौरान ग्रामीण बच्चेलाल गौतम, पन्नालाल गौतम, बंशराज गौतम, राजकुमार गौतम, दुर्गा देवी, शीला, मलाकी देवी, निर्मला, राम आश्रय प्रसाद, जीउत राम और राजनारायण सहित अन्य लोगों ने पुलिस जांच में सहयोग करने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का भरोसा दिया।

घटनास्थल पर चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम तथा सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ देर तक मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share :