लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के पिता हरिकिशन मित्तल का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हरिकिशन मित्तल मूल रूप से मेरठ के जत्तीवाड़ा क्षेत्र के निवासी थे। उनका जन्म और प्रारंभिक शिक्षा मेरठ में ही हुई थी। बाद में वे लखनऊ आकर बस गए और आशियाना क्षेत्र स्थित अपने आवास में निवास कर रहे थे।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में मुख्य अभियंता (Chief Engineer) के पद पर अपनी सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत हरिकिशन मित्तल के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उनके निधन पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें।
रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी