Agra News: डेटिंग एप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले दो गैंग गिरफ्तार | NHP Bharat

Agra

UP: डेटिंग एप से दोस्ती के बाद होटल में बुलाकर ब्लैकमेलिंग, समलैंगिक युवकों को निशाना बनाने वाले दो गैंग का पर्दाफाश

May 24, 2026
5 Likes
19
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

NHP Bharat आगरा Published by: Shubham Chauhan 24 May 2026 08:52 AM IST

उत्तर प्रदेश
के आगरा में पुलिस ने डेटिंग एप्स के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले दो बड़े गैंग का खुलासा किया है। ताजगंज थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खासतौर पर समलैंगिक युवकों को निशाना बनाते थे और डेटिंग एप्स पर फर्जी पहचान बनाकर उन्हें होटल या सुनसान जगहों पर बुलाते थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। युवक ने बताया कि उसकी दोस्ती एक डेटिंग एप के जरिए एक अनजान युवक से हुई थी। बातचीत के बाद उसे ताजगंज क्षेत्र के एक होटल में मिलने बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद चार लोगों ने उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने जान से मारने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये वसूले।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसकी पत्नी से क्यूआर कोड के जरिए 14 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद दूसरे दिन उसके परिचित से भी करीब 4900 रुपये वसूले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ताजगंज निवासी सोमेश्वर, तरुण, शाकिब और हरियाणा निवासी शकील शामिल हैं। पूछताछ में पुलिस को एक अन्य गैंग की जानकारी मिली, जिसके बाद सूरज ठाकुर, सौरभ यादव, नमन यादव और अभिषेक यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले डेटिंग एप्स के जरिए भरोसा जीतते थे और फिर मुलाकात के बहाने होटल या सुनसान इलाके में बुलाकर अश्लील वीडियो बना लेते थे। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम की वसूली की जाती थी।

मुख्य आरोपी शकील पहले भी हनीट्रैप के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार बीते वर्ष उसने एक भाजपा नेता को शादी का रिश्ता दिखाकर होटल में बुलाया था और अश्लील वीडियो बनाकर 10 लाख रुपये की मांग की थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा नया गैंग तैयार कर लिया।

एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि आरोपी जिन डेटिंग एप्स का इस्तेमाल कर रहे थे, उनकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Tag :
Agraआगरा न्यूजक्राइम न्यूजआगरा अपडेटताजा खबरवायरल खबर
Share :