शमसाबाद: नशे में दबंग का तांडव, 'काफिर' कहकर पीटा, ₹3200 छीने

Agra

शराब के नशे में दबंग का तांडव: 'काफिर' कहकर युवक को बीच सड़क पीटा, ₹3200 छीने, कबाब कारोबारी से मांगी चौथ, तमंचे से दी जान से मारने की धमकी

Jul 8, 2026
4 Likes
15
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

• कबाब की दुकान पर जमकर उत्पात; राहगीरों से मारपीट, पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी

शमसाबाद। थाना शमसाबाद क्षेत्र के मोहल्ला टोला में मंगलवार को एक युवक द्वारा शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले एक कबाब कारोबारी की दुकान पर पहुंचकर चौथ वसूली की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट कर तमंचे से जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सड़क से गुजर रहे एक राहगीर को रोककर उसके साथ मारपीट की, उसे कथित तौर पर "काफिर" कहकर अपमानित किया और उसकी जेब से ₹3200 छीन लिए। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पीड़ित फरमान पुत्र शहीद, निवासी मोहल्ला टोला, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मोहल्ला टोला निवासी राहुल कुरैशी पुत्र वकील कुरैशी शराब के नशे में उसकी कबाब की दुकान पर पहुंचा और होटल चलाने के नाम पर चौथ की मांग करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए उसके भाई के साथ भी आरोपी ने मारपीट की और तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी।

इसी दौरान वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी काफी देर तक हंगामा करता रहा और राह चलते लोगों के साथ भी अभद्रता करता रहा।

दूसरे पीड़ित हेमपाल पुत्र लाखन सिंह, निवासी बड़ोबरा कलां, ने बताया कि वह रेलवे पुल के पास स्थित सीएनजी पंप से गैस भरवाकर अपनी गाड़ी से लौट रहा था। तभी आरोपी सड़क पर आ गया और उसकी गाड़ी के सामने खड़ा होकर बोनट पर मुक्का मारा तथा लात मार दी। इसके बाद उसने गाड़ी रुकवाकर हेमपाल को जबरन बाहर खींच लिया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।

हेमपाल का आरोप है कि आरोपी ने उसका कॉलर पकड़कर उसे कथित तौर पर "काफिर" कहकर अपमानित किया तथा उसकी शर्ट की ऊपरी जेब में रखे ₹3200 निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपी ने तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके पर दहशत फैला दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

दोनों पीड़ितों ने थाना शमसाबाद में आरोपी के विरुद्ध लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पूरे मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tag :
आगरा अपडेटताजा खबरवायरल खबर
Shubham Chauhan
Author
Shubham Chauhan
Share :