NHP Bharat | Published By: Shubham Chauhan
शमसाबाद (आगरा) | आगरा जनपद के शमसाबाद ब्लॉक अंतर्गत कुतकपुर ग्राम पंचायत का सचिवालय इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। पंचायत सचिवालय में खाली शराब की बोतलें मिलने और उससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुबह कार्यालय पहुंचे ग्रामीण तो सामने आया मामला
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार देर रात पंचायत सचिवालय स्थित प्रधान कार्यालय में बैठक के नाम पर कुछ लोगों द्वारा शराब पार्टी किए जाने की आशंका है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।
कार्यालय के अंदर टेबल पर गिलास, खाने-पीने का सामान तथा एक कोने में करीब 10 से 12 खाली शराब की बोतलें पड़ी मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पूरे मामले पर सवाल उठाए।
सरकारी कार्यालय की गरिमा पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिवालय एक सरकारी कार्यालय है, जहां ग्रामीणों के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े कार्य किए जाते हैं। ऐसे स्थान पर शराब सेवन जैसी गतिविधियां यदि हुई हैं, तो यह सरकारी कार्यालय की गरिमा के विपरीत है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि पंचायत सचिवालय का उपयोग इस प्रकार की गतिविधियों के लिए किया जा रहा है तो यह गंभीर लापरवाही है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के बाद सचिवालय परिसर में पड़ी खाली शराब की बोतलों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, NHP Bharat वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। मामले की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जानी शेष है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (BDO) सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी जाएगी, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा सके।
पंचायत सचिव ने क्या कहा?
इस मामले में पंचायत सचिव संदीप गंगोत्री ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि सचिवालय की साफ-सफाई कराकर भवन में ताले लगा दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।