आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र के गढ़ी जहान सिंह गांव में बुधवार को खेत में दवा का छिड़काव कर रहे 36 वर्षीय किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। किसान खेत में बेहोश पड़ा मिला, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कमल सिंह (36) पुत्र तोता राम, निवासी गढ़ी जहान सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार दोपहर कमल सिंह अपने गोभी के खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
पशु चराने गए ग्रामीण ने खेत में पड़ा देखा
बताया गया कि गांव के डूमर सिंह पशु चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े कमल सिंह पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गांव के लोगों और कमल सिंह के परिजनों को दी।
जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और कमल सिंह को इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए कमल सिंह
कमल सिंह की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिवार के मुताबिक, कमल सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में मां गुड्डी देवी, पत्नी शशि देवी और दो बेटियां प्रिंसी (8) व परी (6) हैं।
अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद शमसाबाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुरेंद्र राव के अनुसार, गढ़ी जहान सिंह गांव में खेत पर शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसान की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होने की उम्मीद है।