शमसाबाद में प्रेम विवाह: 4 साल के प्यार को मिली मंजिल, मंदिर में हुई शादी

Agra

शमसाबाद Exclusive: 4 साल से छिपकर चल रहा था प्यार, आखिर मंदिर में सात फेरों के साथ मिली मंजिल,: क्या था पूरा मामला....

Jul 1, 2026
2 Likes
13
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

शमसाबाद (आगरा)। प्यार जब सच्चा हो तो मंजिल तक पहुंचने से उसे कोई नहीं रोक सकता। ऐसा ही एक मामला आगरा के शमसाबाद में देखने को मिला, जहां 4 साल से प्रेम संबंध में रहे एक प्रेमी युगल को सामाजिक लोगों ने शादी के बंधन में बांध दिया। यह प्रेम विवाह अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सोमवार देर शाम कस्बा स्थित प्राचीन दाऊजी मंदिर में एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला। यहां सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रेमी जोड़े ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया।

बताया गया कि थाना किरावली क्षेत्र की रहने वाली युवती और थाना इरादतनगर क्षेत्र के रहने वाले युवक के बीच करीब 4 साल से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही समाज से जुड़े थे और एक-दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे।

दोनों के परिवारों को उनके रिश्ते की जानकारी भी थी, लेकिन किसी कारणवश शादी के लिए सहमति नहीं बन पा रही थी। लगातार विरोध और परिवार की असहमति के चलते प्रेमी युगल मानसिक रूप से काफी परेशान था।

सूत्रों के अनुसार, दोनों इतना परेशान हो चुके थे कि कोई बड़ा और गलत कदम उठाने की स्थिति में पहुंच गए थे। इसी बीच इस मामले की जानकारी कुशवाह समाज द्वारा संचालित एक सामाजिक संगठन तक पहुंची।

इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने तुरंत पहल की और दोनों परिवारों से बातचीत शुरू की। काफी समझाने-बुझाने और वार्ता के बाद आखिरकार दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए।

सोमवार देर शाम प्राचीन दाऊजी मंदिर, शमसाबाद में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

सती माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रिंस कुशवाह ने बताया कि समाज को संगठित करना और कुरीतियों को खत्म करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समाज में संवाद और समझदारी से कई बड़े विवादों का समाधान निकाला जा सकता है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संगठन की ओर से एक प्रेम विवाह सफलतापूर्वक कराया जा चुका है। सोमवार को एक बार फिर सामाजिक पहल के जरिए दो परिवारों को जोड़ने और दो जिंदगियों को नई शुरुआत देने का काम किया गया।

इस मौके पर प्रधान ग्याप्रसाद कुशवाह, डॉ. वेद प्रकाश कुशवाह, छोटू कुशवाह, संजू, रामकेश कुशवाह, बेताल सिंह, दिनेश कुशवाह और राहुल कुशवाह समेत कई लोग मौजूद रहे।

इस विवाह के बाद क्षेत्र में यह संदेश भी गया कि संवाद, समझदारी और सामाजिक सहयोग से कठिन परिस्थितियों का समाधान निकाला जा सकता है।
यह प्रेम विवाह अब पूरे शमसाबाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Share :