शास्त्री चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता; राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी रहे मुख्य अतिथि
बस्ती। भाजपा बस्ती की ओर से आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के तहत बुधवार को शास्त्री चौक से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सेवा ज्योति प्रज्वलित कर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय महामंत्री एवं बस्ती प्रभारी डॉ. सतेन्द्र सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उद्बोधन के बाद प्रज्वलित की गई ‘सेवा ज्योति’
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उद्बोधन के बाद सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी ज्योति प्रज्वलित कर सेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्प को दोहराया।
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने सार्वजनिक जीवन में देश और जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है।
चार हिस्सों में निकाली गईं पदयात्राएं
सेवा ज्योति प्रज्वलन के बाद कार्यक्रम को चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग मार्गों पर पदयात्राएं रवाना की गईं।
एक पदयात्रा गांधी नगर मार्ग, दूसरी अमहट, तीसरी कलेक्ट्रेट से रौता चौराहा और चौथी पुराने डाकखाने की दिशा में निकाली गई।
आयोजकों के मुताबिक, इन पदयात्राओं के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सेवा, जनजागरण और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विधायक अजय सिंह समेत कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक अजय सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संयोजन सुनील सिंह एवं विजय पांडेय ‘राजू’ ने किया, जबकि संचालन अमृत कुमार वर्मा ने किया। जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।