आगरा। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के नवनियुक्त महाप्रबंधक (जीएम) सत्य प्रिय ने आगरा-अलीगढ़ मंडल का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मंडल में संचालित परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयसीमा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।
समय पर पूरी हों परियोजनाएं
जीएम सत्य प्रिय ने कहा कि शासन की योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं की प्रगति केवल कार्यालय स्तर पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर भी जांची जाए।
प्रोजेक्ट मैनेजरों को फील्ड में जाने के निर्देश
सत्य प्रिय ने प्रोजेक्ट मैनेजर और असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजरों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति दोनों पर नजर रखें, ताकि परियोजनाओं में किसी प्रकार की खामी सामने न आए। किसी समस्या की स्थिति में समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंडल की परियोजनाओं की ली जानकारी
कार्यभार संभालने के साथ ही नवनियुक्त जीएम ने आगरा-अलीगढ़ मंडल में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली।
मूल रूप से इटावा निवासी सत्य प्रिय 1995 बैच के अधिकारी हैं। उनकी शिक्षा-दीक्षा प्रयागराज और औरंगाबाद में हुई है।