बिसवां में सिम कार्ड फर्जीवाड़े का खुलासा, अंतर्जनपदीय आरोपी

Sitapur

सीतापुर: बिसवां में सिम कार्ड फर्जीवाड़े का खुलासा, 25 सिम और पांच मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

Oct 5, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

बायोमेट्रिक और पहचान संबंधी जानकारी का दुरुपयोग कर दूसरों के नाम पर सिम एक्टिवेट करने का आरोप

सीतापुर। थाना बिसवां पुलिस ने दूसरे लोगों की पहचान पर सिम कार्ड एक्टिवेट कर उन्हें अनधिकृत व्यक्तियों को बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग जिलों में घूमकर इस गतिविधि को अंजाम देता था। उसके कब्जे से 25 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को बिसवां पुलिस टीम कस्बे में गश्त और चेकिंग कर रही थी। रेलवे कॉलोनी के पास अपाचे मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित राठौर पुत्र लालाराम राठौर, निवासी ग्राम अलियापुर, थाना पिहानी, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।

दूसरों की पहचान पर सिम एक्टिवेट करने का आरोप

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने पीओएस एजेंट आईडी और बायोमेट्रिक प्रणाली का दुरुपयोग कर दूसरे लोगों के नाम पर सिम कार्ड एक्टिवेट करने की बात बताई। आरोप है कि वह इन सिम कार्डों को अधिक कीमत पर अनधिकृत लोगों को बेचता था।

बरामद सिम कार्डों में एयरटेल के 10, जियो के आठ और वीआई के सात सिम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें तीन पीओएस मास्टर सिम हैं। इनका इस्तेमाल कर कथित रूप से फर्जी बायोमेट्रिक अथवा पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर अन्य 22 सिम एक्टिवेट किए गए थे।

पांच मोबाइल फोन और अपाचे बाइक बरामद

आरोपी के कब्जे से एक एप्पल आईफोन, एक नथिंग एंड्रॉयड फोन, एक आईटेल कीपैड मोबाइल और दो Senexion कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने गतिविधि में इस्तेमाल होने वाली टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP34AC9487 भी कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार, मौके पर बाइक के वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए।

मामले में थाना बिसवां पर मुकदमा अपराध संख्या 273/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 319(2), 340(2), आईटी एक्ट की धारा 66सी व 66डी तथा दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42(3)(ई) के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गश्त और चेकिंग के दौरान मिली सफलता

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह, उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, हेड कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी तथा कांस्टेबल विवेक यादव, आकाश कुमार, सौरभ कुमार दहिया और मो. कासिम शामिल रहे।

Raju Kumar
Author
Raju Kumar
Share :