रोडवेज बस की टक्कर से मजदूर की मौत, संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हादसा, चालक फरार
संभल: जिले के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर खजरा खाकम गांव के पास हुआ। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान मोहकमपुर निवासी शीशपाल (40) पुत्र सोमपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक लकड़ी टाल पर मजदूरी का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह शीशपाल शौच के लिए टाल से बाहर निकला था। इसी दौरान वह आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पार कर रहा था। तभी बहजोई से धनारी की ओर जा रही नोएडा डिपो की रोडवेज बस (UP 78 FN 4772) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शीशपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर बहजोई कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
बहजोई कोतवाली प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिवार ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है।