संभल | NHP Bharat Published BY: अवधेश कुमार
संभल। जनपद के बबराला से इस वर्ष सावन मास में आस्था और भक्ति का विशेष आयोजन होने जा रहा है। बाबा महाकाल कांवड़िया सेवा संघ, बबराला-सम्भल के तत्वावधान में 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को 101 पिट्ठू कांवड़ियों का द्वितीय जत्था मध्य प्रदेश स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर और ममलेश्वर में जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए रवाना होगा।
संघ के अनुसार, श्रद्धालु राजघाट से गंगाजल भरने के बाद यात्रा प्रमुख एवं समाजसेवी नवनीत गांधी के नेतृत्व में बबराला रेलवे स्टेशन से रेल मार्ग द्वारा उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान शिवभक्त बाबा महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिरों में विधि-विधान से जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, दर्शन एवं परिक्रमा करेंगे।
यात्रा की वापसी 9 अगस्त 2026 (रविवार) को खंडवा से रेल मार्ग द्वारा मथुरा होते हुए बबराला पहुंचने की निर्धारित है।
यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संघ के पदाधिकारियों ने गुन्नौर एसडीएम अवधेश वर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांवड़ियों की सुरक्षित विदाई, यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुविधाएं तथा सम्मानजनक प्रबंध सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
यात्रा अध्यक्ष पंडित हरीश गौतम ने बताया कि पिछले वर्ष संघ द्वारा 51 पिट्ठू कांवड़ियों का पहला जत्था बाबा महाकाल के जलाभिषेक के लिए भेजा गया था। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और उत्साह को देखते हुए इस वर्ष कांवड़ियों की संख्या बढ़ाकर 101 कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सभी शिवभक्त पूरी श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल होंगे। संघ द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान, भोग-प्रसाद एवं भंडारे सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
महाकाल यात्रा को लेकर बबराला और आसपास के क्षेत्रों में शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं और धार्मिक आयोजन को लेकर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।