सहारनपुर में ट्रेडिंग फर्म के नाम पर 7 लाख की ठगी

Saharanpur

सहारनपुर: निवेश के नाम पर 7 लाख की ठगी, तीन पर केस

Jul 23, 2026
0 Likes
0
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक युवक ने आरोप लगाया है कि ट्रेडिंग फर्म में निवेश कराने के नाम पर उससे और उसके दोस्त से कुल 7 लाख रुपये की ठगी की गई। इतना ही नहीं, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में कथित तौर पर अपहरण तथा जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

5 प्रतिशत मासिक रिटर्न का दिया लालच

पीड़ित आकाश जैन, निवासी अंकित विहार कॉलोनी, थाना सदर बाजार ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि जनक नगर, देहरादून चौक निवासी मेहूल गुप्ता, पुनित त्यागी और अभिनव गुप्ता ने उसे अपनी ट्रेडिंग फर्म में निवेश करने का प्रस्ताव दिया।

आरोपियों ने दावा किया कि निवेश करने पर हर महीने 5 प्रतिशत रिटर्न मिलेगा और निवेश की गई पूरी मूल राशि पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। इस भरोसे में आकर आकाश जैन ने अपने मित्र मनोज कुमार सैनी के साथ मिलकर कुल 7 लाख रुपये निवेश कर दिए।

रकम वापस मांगने पर शुरू हुई टालमटोल

आकाश जैन का आरोप है कि कुछ समय बाद जब उसने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। मुख्य आरोपी मेहूल गुप्ता ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। वहीं अन्य आरोपियों ने सारा पैसा मेहूल गुप्ता के पास होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।

समझौते के बावजूद नहीं लौटाए पैसे

शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने 10 सितंबर 2024 को एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच सीओ स्तर पर कराई गई और 19 सितंबर 2024 को दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया।

समझौते के तहत यह तय हुआ था कि नवंबर 2024 से लगातार 10 माह तक हर महीने 20-20 हजार रुपये लौटाए जाएंगे और जुलाई 2025 में शेष 5 लाख रुपये एकमुश्त वापस किए जाएंगे।

सिर्फ 12 हजार रुपये लौटाए, फिर दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि समझौते के बाद भी आरोपियों ने केवल 12 हजार रुपये ही वापस किए। जब उसने शेष रकम की मांग की तो आरोपियों ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे अपहरण करने और जान से मारने की धमकी भी दी। इससे भयभीत होकर पीड़ित ने दोबारा पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।

तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेहूल गुप्ता, पुनित त्यागी और अभिनव गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ट्रेडिंग, निवेश या अधिक मुनाफे के लालच वाले प्रस्ताव में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और उसके दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Tag :
यूपी न्यूजपुलिस कार्रवाईताजा खबर
Share :