उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रेम विवाह करने वाले एक युवक की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक शिवकुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने सहारनपुर आया था। आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और शिवकुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
आकांक्षा ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार वाले लंबे समय से दोनों को धमकियां दे रहे थे और रिश्ते को खत्म करने का दबाव बना रहे थे। आकांक्षा के अनुसार, दोनों ने चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से लगातार विरोध और धमकियां मिल रही थीं।
घटना के बाद जिला अस्पताल में बिलखती आकांक्षा ने कहा कि उसका घर उजाड़ दिया गया। उसने दावा किया कि हमलावर उसे भी मारना चाहते थे और कार को चारों तरफ से घेर लिया था, लेकिन वह किसी तरह बच निकली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।