Published By: Shubham Chauhan
शमसाबाद (आगरा): आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि फिरोजाबाद निवासी एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर किशोरी से दोस्ती की, उसके निजी फोटो और वीडियो प्राप्त कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और बदनामी की धमकियों से परेशान होकर किशोरी ने कथित रूप से कीटनाशक पी लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी नाम बताकर की दोस्ती
परिजनों के अनुसार, किशोरी की अपनी एक सहेली के माध्यम से राहुल नाम के युवक से जान-पहचान हुई थी। बाद में पता चला कि युवक का वास्तविक नाम फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है। आरोप है कि उसने अपनी असली पहचान छिपाकर किशोरी से संपर्क बनाया।
बताया गया कि हाईस्कूल परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र दूर होने के कारण आरोपी कई बार किशोरी और उसकी सहेली को बाइक से परीक्षा केंद्र छोड़ने गया। इसी दौरान उसने किशोरी का मोबाइल नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी।
निजी फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने धोखे से किशोरी के निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। इसके बाद वह लगातार मिलने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर कथित रूप से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा बदनाम करने की धमकी देने लगा।
जब किशोरी को आरोपी की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी मिली तो वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी। परिवार का कहना है कि धमकियों के कारण वह गहरे तनाव और भय में थी।
एक सप्ताह पहले परिवार को बताई थी पूरी बात
परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले किशोरी ने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। पिता ने उसे भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी और घबराने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद आरोपी की कथित धमकियां जारी रहने से किशोरी लगातार मानसिक दबाव में थी।
कीटनाशक पीने के बाद अस्पताल में भर्ती
परिजनों का कहना है कि रविवार सुबह पिता के बाजार जाने के बाद किशोरी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल शमसाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पिता ने पुलिस को बताई बेटी की पीड़ा
परिजनों के मुताबिक, किशोरी ने अपने पिता से कहा था कि आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा है और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। बदनामी के डर से वह बेहद डरी हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी फैजान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के सही पते और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।