सड़क ड्यूटी से लौटते समय मूसेपुर के पास हुआ हादसा
लखीमपुर खीरी। ईसानगर-सरैया मार्ग पर थाना खमरिया क्षेत्र के मूसेपुर गांव के निकट अचानक सड़क पर आए कुत्ते से टकराकर बाइक पलट गई। हादसे में खमरिया थाने में तैनात आरक्षी सचिन राव और आरक्षी मनोज कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरक्षी सड़क ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान मूसेपुर के पास उनकी बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ गया। बाइक उससे टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल सचिन राव और मनोज कुमार वर्मा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल किया गया रेफर
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों आरक्षियों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया, दोनों की हालत में हो रहा सुधार
खमरिया थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी ने बताया कि हादसे में घायल दोनों आरक्षियों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने दोनों की हालत में सुधार होने की जानकारी दी।