वृंदावन गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई को उतरे चार छात्रो

Mathura

वृंदावन गुरुकुलम में पानी के टैंक की सफाई को उतरे चार छात्रों की दर्दनाक मौत

Oct 7, 2026
1 Likes
2
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

पहले एक छात्र उतरा, बाहर नहीं आया तो एक-एक कर चार और गए अंदर; पुलिस-फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू, एक विद्यार्थी रेफर

वृंदावन। तीर्थनगरी वृंदावन में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। चैतन्य विहार स्थित वृंदावन गुरुकुलम संस्कृत विद्यालय के आवासीय परिसर में बने टैंक की सफाई के दौरान पांच विद्यार्थी एक-एक कर अंदर चले गए। टैंक के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में चार विद्यार्थियों की मौत हो गई, जबकि एक विद्यार्थी को उपचार के बाद बेहतर निगरानी के लिए रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। विद्यार्थियों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्गंध आने पर की जा रही थी टैंक की सफाई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिसर में बने टैंक से दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद उसकी सफाई का प्रयास किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक विद्यार्थी टैंक के अंदर उतरा। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो दूसरा विद्यार्थी अंदर गया। इसके बाद एक-एक कर अन्य विद्यार्थी भी टैंक में उतर गए।

कुछ देर बाद पांचों विद्यार्थियों के अंदर फंसे होने की जानकारी हुई तो विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने निकाला बाहर

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर टैंक में फंसे विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया और उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, टैंक में उतरे पांच विद्यार्थियों में से चार की मौत हो गई, जबकि एक विद्यार्थी सुरक्षित है।

मृतकों की उम्र करीब 17 से 20 वर्ष

पुलिस के अनुसार मृत विद्यार्थियों की उम्र करीब 17 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

पांचवें विद्यार्थी की हालत फिलहाल सुरक्षित बताई गई। वह बातचीत भी कर रहा था, लेकिन चिकित्सकों ने बेहतर निगरानी और उपचार के लिए उसे रेफर किया है।

जहरीली गैस बनी हादसे की वजह? जांच के बाद होगा स्पष्ट

टैंक के अंदर जहरीली गैस बनने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विद्यार्थियों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विद्यार्थियों को टैंक की सफाई के लिए किस परिस्थिति में अंदर उतरना पड़ा और इस दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने विद्यालय परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। घटनाक्रम से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

चार विद्यार्थियों की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में भी शोक का माहौल है।

Ravikant Parashar
Author
Ravikant Parashar
Share :