केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भी समर्थकों से मिले ओवैसी, स्वागत के दौरान हाईवे पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
बाराबंकी। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी का रविवार को श्रावस्ती जाते समय बाराबंकी में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मसौली थाना क्षेत्र के गोंडा-बहराइच हाईवे स्थित शहाबपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के लिए जिलाध्यक्ष मौलाना मसीहुर्रहमान मजाहिरी और बाराबंकी सदर सीट से प्रत्याशी मौलाना एखलाक सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। ओवैसी के आगमन से करीब एक घंटे पहले ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों का चौराहे पर पहुंचना शुरू हो गया था।
ओवैसी के पहुंचते ही समर्थकों ने नारे लगाए। सुरक्षा घेरे के बीच उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भीड़ के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। मसौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालकर आवागमन सुचारू कराया।
इसके बाद रामनगर क्षेत्र के केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भी एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने ओवैसी का स्वागत किया। यहां रामनगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अरुण कुमार श्रीवास्तव उर्फ विकास श्रीवास्तव, विधानसभा अध्यक्ष शकील मूंसरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दोनों स्थानों पर स्वागत के बाद ओवैसी अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्रावस्ती के भिनगा रवाना हो गए।