सीतापुर। पिसावां के मुख्य चौराहे पर रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी कलविंदर कौर के पैर में गंभीर चोट आई। टक्कर के बाद दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कलविंदर कौर अपने बेटे जगरूप सिंह के साथ बाइक से गांव जा रही थीं। इसी दौरान कुतुबनगर की ओर से आ रही दूसरी बाइक से पिसावां के मुख्य चौराहे पर उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें सड़क पर गिर गईं।
हादसे में कलविंदर कौर के पैर में गंभीर चोट आई। दूसरी बाइक चला रहे युवक की पहचान बहादुरनगर निवासी प्रवीन पुत्र राम प्रकाश के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
चौराहे पर तैनात पिकेट पुलिस टीम ने तत्काल घायलों की मदद की। टीम में शामिल दीवान पुष्पराज सिंह, विकल राज और प्रदीप कुमार ने दोनों घायलों को ऑटो रिक्शा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद एक बार फिर व्यस्त चौराहों और सड़कों पर नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत सामने आई है।