अटरिया क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती, बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
अटरिया/सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जनता माध्यमिक विद्यालय कुंवरपुर, प्राथमिक विद्यालय जयपालपुर, प्राथमिक विद्यालय भीखीपुर और प्राथमिक विद्यालय लहूरिवान में गांधी एवं शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। सबसे पहले विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई की गई। इसके बाद ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शिक्षकों ने बच्चों को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों एवं शिक्षकों का उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्वच्छता बनाए रखने, समाज में आपसी भाईचारा कायम रखने और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।