कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित अमरूद मंडी के पास युवक पीयूष निषाद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में एक आरोपी राजेश निषाद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से फरार चल रहे रचित निषाद, काली उर्फ सोहित निषाद, देवा निषाद, मुन्ना निषाद, रितेश उर्फ नाटि, शिवम उर्फ घंटी और अभिषेक उर्फ लाल के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई से पहले नोटिस चस्पा किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी भी कराई।
पुलिस की टीम ने फरार आरोपियों के घर पहुंचकर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज राज केसर, अतिरिक्त निरीक्षक दिनेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा विवेचक एवं गंगा बैराज चौकी प्रभारी गौरव चौधरी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नोटिस चस्पा और मुनादी की कार्रवाई के बाद भी यदि आरोपी पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों पर कानूनी शिकंजा और कसता नजर आ रहा है।