हर्रैया, बस्ती। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता एवं सिराथू विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार को हर्रैया के जिवधरपुर स्थित रामकृपा योग पीठ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जगह-जगह स्वागत की रूपरेखा तय करने के साथ कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पार्टी के जिलाध्यक्ष रामभवन पटेल ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दीं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अयोध्या बॉर्डर पर लोलपुर के पास विधायक पल्लवी पटेल का सैकड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से फूल-मालाओं से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह मखौड़ा, परशुरामपुर, गोपीनाथपुर और श्रृंगीनारी होते हुए खम्हरिया चौराहे पहुंचेंगी।
खम्हरिया चौराहे पर विधायक सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद जिवधरपुर स्थित रामकृपा योग पीठ पहुंचकर विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।