Published By: Sonu Tomar
खेरागढ़। ग्राम चीत में पूर्व प्रधानाचार्य एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष स्व. विजेन्द्र सिंह सिकरवार की स्मृति में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक खेरागढ़ के अध्यक्ष विजय पाल सिंह सिकरवार ने फीता काटकर किया।
प्रतियोगिता में 1000 मीटर, 1600 मीटर दौड़ और लंबी कूद की स्पर्धाएं हुईं। आसपास के गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
1600 मीटर दौड़ में चीत निवासी श्याम कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। चीत के ही अभिषेक कुशवाह द्वितीय और किशनवीर सिंह तृतीय रहे। 1000 मीटर दौड़ में सैंया के हरीकांत ने बाजी मारी, जबकि खेरागढ़ के टिंकू दूसरे और नौनी के प्रांशू (प्रशांत) तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में लालपुर के योगेश राजपूत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। तेहरा के राहुल कुमार द्वितीय और लालपुर के गजेंद्र सिंह राजपूत तृतीय रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजन समिति की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि स्व. विजेन्द्र सिंह सिकरवार की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान संदीप कुमार शास्त्री, ओमकार सिंह, गोपाल परमार, राजेश सिकरवार, राघवेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, प्रवीन कुमार, सुमित कुमार, धर्मेन्द्र कुशवाह, शिवराम बाबा, टिंकू, मुनेश सिंह, मोहित सिंह, प्रतीक सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।