हर्रैया। हर्रैया बाजार में शुक्रवार को खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा के जयकारे लगाए। भक्तिमय माहौल के बीच पूरा कस्बा श्याम बाबा के जयघोष से गूंजता रहा।
निशान यात्रा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से रही। सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में पवित्र निशान लेकर पदयात्रा की। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ से माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए बाजार में जगह-जगह जलपान व खाने-पीने के पंडाल लगाए गए थे। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। निशान यात्रा के दौरान पूरे हर्रैया बाजार में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।