न्यूरिया। रात में आई आंधी और बारिश के कारण न्यूरिया क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने और पोल व तार टूटने से न्यूरिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नगर सहित 69 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते क्षेत्र के करीब 15 हजार विद्युत कनेक्शन प्रभावित हुए हैं।
अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि न्यूरिया विद्युत उपकेंद्र से नगर सहित 69 गांवों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकपुरी, भमोरा और बिथरा के पास 33 केवी लाइन के पोल और तार टूटने के कारण भी आपूर्ति बंद है।
पेड़ हटाने और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का काम जारी
बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युतकर्मी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। क्षतिग्रस्त लाइनों पर गिरे पेड़ों को हटाया जा रहा है। साथ ही टूटे तारों और पोल को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है, ताकि नगर और प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू की जा सके।
अवर अभियंता संजीव कुमार के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। फिलहाल विभाग की टीम क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को ठीक करने में जुटी हुई है।