पिनाहट/आगरा। क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार शाम पिनाहट पुलिस ने नंदगवां तिराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी वीरेशपाल गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कराई।
अभियान के दौरान पुलिस ने तिराहे से गुजरने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली। वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा गया और उनका सत्यापन किया गया।
संदिग्ध व्यक्तियों से पुलिस ने की पूछताछ
चेकिंग के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पुलिसकर्मियों ने पूछताछ भी की। वाहनों की जांच के साथ पुलिस टीम ने आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी।
अभियान के चलते नंदगवां तिराहे पर पुलिस बल की मौजूदगी रही और यातायात नियमों का पालन करने के लिए वाहन चालकों को जागरूक किया गया।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान
थाना प्रभारी वीरेशपाल गिरी ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।