मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में रविवार, 9 अगस्त 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल के साथ खतौली थाना क्षेत्र के खतौली कट सहित कांवड़ यात्रा मार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद में की गई सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस ड्यूटी, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों के आवागमन की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। विशेष ध्यान रखा जाए कि यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़ और यातायात की स्थिति के अनुसार आवश्यक पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को कहा गया।
इसके साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखने और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ियों से बातचीत कर पूछा हाल
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मार्ग से गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस की ओर से कांवड़ियों को यात्रा के दौरान हरसंभव सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। पुलिस के अनुसार, कांवड़ियों ने भी जनपद में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्रोत: मीडिया सेल, मुजफ्फरनगर पुलिस