मुजफ्फरनगर: पमनावली का चकरोड बदहाल, किसानों ने दी धरने की चेतावनी

Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर: पमनावली में बदहाल चकरोड से किसान परेशान, 11 अक्टूबर तक समाधान नहीं तो धरने की चेतावनी

Oct 2, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

रिपोर्ट: अनिल पुंडीर | NHP भारत न्यूज़, चरथावल, मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर की खतौली तहसील क्षेत्र के गांव पमनावली में खेतों तक जाने वाला चकरोड बदहाल होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक बारिश के कारण रास्ते में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। खेतों से चारा और अन्य कृषि उपज लाने के लिए किसानों को इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता है। अब गन्ना ढुलाई का समय नजदीक आने के कारण किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

14 सितंबर को एसडीएम से मिले थे किसान

ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान की मांग को लेकर गांव के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल 14 सितंबर 2026 को भारतीय किसान यूनियन सेवक के युवा जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम खतौली से मिला था। किसानों ने चकरोड की खराब स्थिति की जानकारी देते हुए इसकी मरम्मत कराने की मांग की थी।

किसानों का कहना है कि एसडीएम ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद अभी तक रास्ता ठीक नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी संबंधित अधिकारियों को समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है।

गहरे गड्ढों से दुर्घटना का आरोप, गन्ना ढुलाई में भी परेशानी

ग्रामीणों का दावा है कि चकरोड में बने गहरे गड्ढों के कारण यहां कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। खेतों तक ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य कृषि वाहनों को ले जाने में भी परेशानी हो रही है। किसानों का कहना है कि गन्ना ढुलाई शुरू होने पर इसी रास्ते से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है।

लेखपाल ने किया निरीक्षण, किसानों ने जल्द समाधान की मांग की

किसानों की शिकायत के बाद एसडीएम खतौली की ओर से समस्या की स्थिति देखने के लिए गांव में लेखपाल को भेजे जाने की जानकारी है। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर चकरोड का निरीक्षण किया और समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि निरीक्षण के बाद भी अभी तक मौके पर रास्ते की मरम्मत शुरू नहीं हुई है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल निरीक्षण तक कार्रवाई सीमित न रखकर चकरोड को जल्द आवागमन योग्य बनाया जाए।

11 अक्टूबर तक समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

भारतीय किसान यूनियन सेवक के युवा जिला उपाध्यक्ष गौतम कुशवाह ने कहा कि यदि 11 अक्टूबर तक चकरोड की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान एकत्र होकर तहसील खतौली पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

निरीक्षण के दौरान रमन, रणधीर मास्टर जी, मुकेश, देवेंद्र, चंदू, मुकेश शर्मा, विनोद सैनिक और कमल ठाकुर समेत कई किसान तथा भारतीय किसान यूनियन सेवक के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share :