मुजफ्फरनगर: पावटी में पशु चिकित्सा शिविर, 128 पशुओं का पंजीकरण

Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर: पावटी में पशु चिकित्सा शिविर, 128 पशुओं का पंजीकरण; लंपी बीमारी से बचाव के लिए पशुपालकों को किया जागरूक

Sep 23, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

चरथावल (मुजफ्फरनगर)। विकासखंड चरथावल के ग्राम पावटी में 22 सितंबर 2026 को पशुपालन विभाग की ओर से ‘पशुपालन आपके द्वार-संकल्प सेवा अभियान’ के तहत वृहद पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मुजफ्फरनगर जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 128 पशुओं का पंजीकरण कर जांच एवं उपचार किया गया।

बीमार पशुओं की जांच कर उपलब्ध कराया उपचार

शिविर में पशु चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने बीमार पशुओं की जांच की और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया। पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

इसके साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पशुपालकों को कृमिनाशक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने पशुओं की नियमित देखभाल, साफ-सफाई और समय पर उपचार कराने की सलाह दी।

लंपी त्वचा रोग से बचाव के लिए किया जागरूक

पशु चिकित्सा अधिकारी बिरालसी डॉ. रवि दीप सिंह ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों और पशुपालकों को लंपी स्किन डिजीज (Lumpy Skin Disease) के लक्षण, रोकथाम और प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने पशुपालकों को पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी। इसके अलावा बदलते मौसम में पशुओं को होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

चरथावल क्षेत्र में लगातार चलाया गया टीकाकरण अभियान

बताया गया कि बिरालसी न्याय पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक सघन पशु टीकाकरण अभियान चलाया गया था। पशु चिकित्सा अधिकारी बिरालसी डॉ. रवि दीप सिंह, सतीश कुमार और विभागीय स्टाफ द्वारा क्षेत्र में लगातार शिविर लगाकर बीमार पशुओं का उपचार और टीकाकरण किया गया।

इसी अभियान की कड़ी में पावटी गांव में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुपालकों को उनके क्षेत्र में ही पशुओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

डॉ. रवि दीप सिंह और स्वास्थ्य कर्मियों ने दी सेवाएं

शिविर के सफल संचालन में डॉ. रवि दीप सिंह सहित विभाग के स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई। शिविर का उद्देश्य पशुपालकों तक पशु चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ उन्हें पशुओं में फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

रिपोर्ट: अनिल पुंडीर, NHP भारत NEWS, चरथावल-मुजफ्फरनगर

Share :