मुजफ्फरनगर: चरथावल में दवा व्यापारियों की बैठक, 26 सितंबर के सम्मेलन में उठेंगी कई मांगें

Muzaffarnagar

मुजफ्फरनगर: चरथावल में दवा व्यापारियों की बैठक, 26 सितंबर के वार्षिक सम्मेलन में उठेंगी ऑनलाइन दवा बिक्री समेत कई मांगें

Sep 16, 2026
0 Likes
1
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

रिपोर्ट: अनिल पुंडीर | NHP भारत NEWS, चरथावल, मुजफ्फरनगर

चरथावल। कस्बा चरथावल स्थित सुशील मेडिकल एजेंसी पर मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुभाष चौहान ने मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ बैठक कर दवा व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की।

बैठक में 26 सितंबर 2026 को मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल, जानसठ रोड पर प्रस्तावित वार्षिक सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम शाम 8 बजे से प्रस्तावित है।

वार्षिक सम्मेलन में अधिकारियों के सामने रखी जाएंगी मांगें

डॉ. सुभाष चौहान ने कहा कि 26 सितंबर को होने वाले वार्षिक सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला में दवा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को उचित मंच पर उठाना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से संवाद करना है।

ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करने समेत उठाए गए कई मुद्दे

बैठक में दवा व्यापारियों की ओर से कई मांगों पर चर्चा की गई। एसोसिएशन ने मांग की कि लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों को अनावश्यक चेकिंग के नाम पर परेशान न किया जाए और दवा कंपनियों की ब्रेकेज व एक्सपायरी से संबंधित समय सीमा बढ़ाई जाए।

संगठन ने लंबे समय से मेडिकल स्टोर संचालित कर रहे व्यापारियों के यहां फार्मासिस्ट की अनिवार्यता से जुड़े नियमों में बदलाव की मांग उठाने की बात कही। इसके साथ ही ऑनलाइन दवा व्यापार को बंद करने, ऑनलाइन ड्रग लाइसेंस आवेदनों की स्वीकृति के लिए निश्चित समय सीमा निर्धारित करने और बिना वैध लाइसेंस संचालित दवा दुकानों एवं डिस्पेंसरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग पर भी चर्चा हुई।

दूसरे राज्यों की ड्रग टीमों की कार्रवाई को लेकर भी रखी मांग

एसोसिएशन ने हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से आने वाली ड्रग विभाग की टीमों की स्थानीय स्तर पर होने वाली जांच को लेकर भी मुद्दा उठाया। संगठन की मांग है कि ऐसी कार्रवाई स्थानीय प्रशासन और संबंधित स्थानीय ड्रग अधिकारी के समन्वय में की जाए।

इसके अलावा दवा कंपनियों की डायरेक्ट हॉस्पिटल सप्लाई सहित कुछ व्यापारिक व्यवस्थाओं को लेकर भी मेडिकल संचालकों ने अपनी आपत्तियां रखीं।

26 सितंबर को होगा वार्षिक सम्मेलन

बैठक में तय किया गया कि इन मुद्दों को 26 सितंबर को होने वाले वार्षिक सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला में प्रमुखता से उठाया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को दवा व्यापारियों की मांगों से अवगत कराया जाएगा।

इस दौरान चरथावल क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों और एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों ने बैठक में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।

Share :