चरथावल/मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी में श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर आयोजित पारंपरिक मेले का शुभारंभ किया गया। ग्राम प्रधान मास्टर लोकेश पुंडीर, बृजेश पुंडीर, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राकेश कुमार पुंडीर, राकेश कश्यप सहित गांव के गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद सभी ने श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही म्हाड़ी पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया और देखते ही देखते प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।
रोली-चंदन का तिलक लगाकर किया स्वागत
मेले के शुभारंभ पर गोगा म्हाड़ी के पुजारी ने उपस्थित लोगों को रोली-चंदन का तिलक लगाया। ग्राम प्रधान मास्टर लोकेश पुंडीर ने पुजारी को दक्षिणा स्वरूप दान राशि भेंट की।
इसके बाद उपस्थित लोगों ने पूजा-अर्चना कर श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रंग-बिरंगी झालरों और गुब्बारों से सजी गोगा म्हाड़ी
मेले को लेकर श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक झालरों से सजाया गया। चारों ओर लगी रंग-बिरंगी लड़ियों से परिसर आकर्षक दिखाई दिया। म्हाड़ी और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया।
आयोजकों के मुताबिक बिरालसी में गोगा म्हाड़ी पर लंबे समय से प्रतिवर्ष मेले का आयोजन होता आ रहा है और ग्रामीणों में इसे लेकर विशेष उत्साह रहता है।
हाथों में छड़ी लेकर पहुंचे श्रद्धालु
सुबह से ही श्रद्धालु हाथों में पारंपरिक छड़ी लेकर श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर पहुंचते दिखाई दिए। पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया।
मेले में विभिन्न प्रकार के सामान, प्रसाद और खान-पान की दुकानें सजाई गईं। ग्रामीण और श्रद्धालु पूजा के बाद मेले में खरीदारी करते भी नजर आए।
बच्चों के लिए झूले और मिकी माउस बने आकर्षण
मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए हैं। मिकी माउस बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से ही मेले में चहल-पहल रही और बड़ी संख्या में बच्चे परिवार के साथ मेले का आनंद लेते दिखाई दिए।
उद्घाटन के दौरान ये लोग रहे मौजूद
श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी मेले के उद्घाटन के दौरान ग्राम प्रधान मास्टर लोकेश पुंडीर, बृजेश पुंडीर, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राकेश कुमार पुंडीर, रोशन डेरी वाला, राकेश कश्यप, सुधीर गहलोत और कृपाल पुजारी सहित गांव के गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर: अनिल पुंडीर, NHP भारत NEWS, चरथावल-मुजफ्फरनगर