मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 22 जुलाई 2026 से 8 सितंबर 2026 तक चलाए जा रहे 45 दिवसीय खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेशभर में पशुओं का निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग की टीमें घर-घर जाकर पशुओं को टीका लगाने के साथ-साथ पशुपालकों को रोगों की रोकथाम एवं पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
पशुपालन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क है। हालांकि चार माह से कम आयु के पशुओं तथा अत्यधिक गर्भावस्था वाले पशुओं को यह टीका नहीं लगाया जाता है।
इसी बीच मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल ब्लॉक के ग्राम बिरालसी से ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अभियान शुरू होने के कई दिन बाद भी क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग का टीकाकरण नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पशु चिकित्सालय होने के बावजूद अभी तक टीकाकरण टीम नहीं पहुंची है।
पशुपालकों का आरोप है कि पशु चिकित्सालय में चिकित्सक सुबह कुछ समय के लिए आते हैं और उसके बाद अस्पताल बंद रहता है। इससे उपचार के लिए आने वाले पशुपालकों को निराश होकर लौटना पड़ता है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में समय पर टीकाकरण और उपचार बेहद आवश्यक है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पशुपालन विभाग जल्द से जल्द बिरालसी सहित आसपास के क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान शुरू कराए, ताकि पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। उन्होंने यह भी मांग की कि सभी गौशालाओं एवं पशु आश्रय स्थलों में भी प्राथमिकता के आधार पर निशुल्क टीकाकरण कराया जाए।
फिलहाल इस संबंध में पशुपालन विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। विभाग की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।
रिपोर्ट: अनिल पुंडीर