Published By: Anil Pundir Mon, 27 Jul 2026 12:22
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र स्थित गांव बिरालसी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना भवन से चरथावल की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों की सड़क पर अचानक आए गोवंश से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल युवकों में सौरभ नाम का युवक अपने साथी के साथ बाइक से गांव अमीर नगर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरथावल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद सड़क पर गोवंश का शव काफी देर तक पड़ा रहा। सूचना मिलने पर बिरालसी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और ग्राम प्रधान को जानकारी देकर अंतिम संस्कार कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर व्यवस्था नहीं होने के कारण पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर रात करीब 11 बजे गोवंश का अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान पुलिस टीम और कई ग्रामीणों ने सहयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिरालसी रोनी बस स्टैंड से बिजलीघर तक पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने तथा सड़कों पर आवारा गोवंश के खुले घूमने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि इस समस्या को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों और ब्लॉक प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को देखते हुए भी ग्रामीणों ने सड़क पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आवारा गोवंश के उचित प्रबंधन और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन उनके मुताबिक विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और आवारा गोवंश की समस्या को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।