मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित सागर सराय में मंगलवार देर रात एक मोमबत्ती निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें आसपास के रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच गईं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों तक चले संयुक्त अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, मयूर इंटरनेशनल मोमबत्ती फैक्ट्री में रात करीब 11:30 बजे आग लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री घनी आबादी और संकरी गलियों वाले क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के मोहल्लों को तत्काल खाली कराया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग पर काबू पाने के लिए मुरादाबाद के अलावा मंडल के अन्य जिलों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 16 से अधिक फायर और फोम टेंडर मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब 6 घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोका।
राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल स्वयं मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों और दमकल कर्मियों के साथ उन्होंने पूरी रात अभियान की निगरानी की तथा बचाव कार्य का नेतृत्व किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्रशासन ने बताया कि आग से फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और फायर विभाग द्वारा घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। साथ ही सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आग से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।