अलीगढ़। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा प्रदेश में बढ़ते अपराधों के विरोध में राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती एवं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट इमरान पठान ने किया।
समाजवादी नेताओं का आरोप है कि ज्ञापन कार्यक्रम की सूचना एक दिन पूर्व प्रशासन को विधिवत दे दी गई थी, इसके बावजूद सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार फोन कॉल कर कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया गया। नेताओं का कहना है कि उन्हें ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल न होने तथा कार्यक्रम स्थगित करने के लिए दबाव बनाया गया और मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने तक की चेतावनी दी गई।
इसके बावजूद समाजवादी कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन द्वारा ज्ञापन स्वीकार करने में टालमटोल की गई, जिसके विरोध में उन्होंने ज्ञापन न देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय एवं एडीएम कार्यालय पर अलग-अलग जाकर ज्ञापन चस्पा करने का कार्य किया और जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे, नारेबाजी और विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई। इसके उपरांत राज्यपाल महोदय के नाम संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम श्री दिलीप कुमार मिश्रा को सौंपा गया।
इस अवसर पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट इमरान पठान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना समाजवादी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। यदि जनता के हितों की बात करने पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं या दबाव बनाया जाता है, तो भी समाजवादी कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं। समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
वहीं समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती ने कहा कि प्रदेश का छात्र, युवा, किसान और आम नागरिक आज महंगाई की मार झेल रहा है। पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर एवं रोजमर्रा की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। सरकार जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे समाजवादी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।
ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, छात्रों के हितों की रक्षा करने, NEET परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की गई।
इस दौरान यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट इमरान पठान, समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती, सैयद फैजान अली, दानिश अली, यूथ ब्रिगेड के जिला उपाध्यक्ष फैजान पठान, हरिश्चंद्र, सरदार, प्रभाव सिंह, शारिक, आबिद मलिक, शारिक चौधरी, माजिद ठाकुर, चंद्रपाल, नदीम, विक्रम, अर्जुन सिंह, विशाल पांडे, अंकित यादव, विवेक यादव, विकास कुमार, हरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड एवं समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।