मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पहले सांप के डसने से हुई मौत के रूप में सामने आया मामला अब हत्या का निकला है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच स्वाट टीम देहात और हस्तिनापुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मखमेली मैदान के पास रहने वाले अतुल पंवार की 17 जुलाई की सुबह मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर यह बताया गया था कि उनकी मौत सांप के डसने से हुई है। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम में कई संदिग्ध तथ्य मिले, जिसके बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या का मामला है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों, साजिश तथा सभी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।
मेरठ पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।