बेवर (मैनपुरी)। सदर चौराहे पर हनुमान मठिया के पास वर्षों पुराना पेड़ सड़क पर गिर गया। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के बीच शाम करीब चार बजे हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि आसपास मौजूद लोग और राहगीर सुरक्षित बच गए।
पेड़ गिरने से उसके नीचे स्थित हनुमान मंदिर को कुछ नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा सुरक्षित है। पेड़ सड़क पर गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना पर नगर पंचायत चेयरमैन सरितकांत गुप्ता भाटिया ने स्थिति की निगरानी की। वन विभाग की टीम और बिजली विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। बिजली व्यवस्था को सुरक्षित करने के साथ पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके।