रिपोर्ट: अनिल पुंडीर | NHP भारत NEWS, चरथावल
मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव लगातार फील्ड में उतरकर विभिन्न क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नगर पंचायत चरथावल स्थित गौशाला और ब्लॉक चरथावल के गांव बिलारासी स्थित गौशाला का निरीक्षण किया।
भूसा, हरा चारा और पशु चिकित्सा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ने गौशालाओं में गोवंश के लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा, साफ-सफाई और पशु चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम सदर ने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशालाओं की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण या शिकायत के दौरान लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भारी बारिश को लेकर प्रशासन सतर्क
भारी बारिश को देखते हुए एसडीएम सदर लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
लोगों से कहा गया है कि बारिश के दौरान यदि कहीं जलभराव, किसी प्रकार की क्षति या अन्य आपात स्थिति दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों के स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने की सराहना की। ग्रामीणों ने भी पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की बात कही।
फिलहाल भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।