सीतापुर। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के जामिन नगर मजरा पतवारा में शनिवार शाम करीब 6 बजे तालाब में डाली गई मछलियों के हिस्से को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर बांका से हमला करने के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया है।
जामिन नगर निवासी प्रियंका पत्नी पप्पू भार्गव के मुताबिक, उसके मामा ऊदन पुत्र नत्था ने तालाब में मछलियां डाली थीं। आरोप है कि अशरफ अली मछलियों में अपना हिस्सा मांग रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई।
प्रियंका का कहना है कि उसने और उसके पति पप्पू ने दोनों पक्षों को समझाते हुए फिलहाल विवाद न करने और बाद में मछलियों का हिसाब करने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान अशरफ अली, साकिर अली, मनोज पुत्र मोहम्मद हुसैन, सलमान और जाबिर की पत्नी ने ऊदन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
प्रियंका ने आरोप लगाया कि इसी दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए ऊदन पर बांका से हमला किया गया। इसके बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से भी मारपीट की गई, जिसमें ऊदन गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची प्रियंका, उसके पति पप्पू और सास के साथ भी अभद्रता करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने लहरपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मछली पालन को लेकर विवाद हुआ है। घायलों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: NHP Bharat News के साथ
राजू कुमार बंसल, सीतापुर