लखनऊ। राजधानी लखनऊ के शहीद पथ पर मेदांता अस्पताल के सामने चलती डबल डेकर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए गए हैं। चालक ने तत्काल बस रोककर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा, जिससे सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।
घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई गई है। प्रारंभिक जांच में बस का पिछला टायर फटने और इसके बाद निकली चिंगारी से आग भड़कने की बात सामने आई है।
पीछे से आई टूटने की आवाज, फिर भड़क उठी आग
बस चालक राहुल पटेल, निवासी उरई, के मुताबिक वह शनिवार शाम करीब 5 बजे गोरखपुर से बस लेकर निकला था। बस जब लखनऊ में मेदांता अस्पताल के सामने पहुंची तो अचानक पिछले हिस्से से कुछ टूटने जैसी आवाज सुनाई दी।
इसके तुरंत बाद बस के पिछले हिस्से में आग दिखाई दी। चालक ने स्थिति को देखते हुए तत्काल बस रोकी और सभी यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। यात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
धू-धू कर जली बस, करीब 20 फीट तक उठीं लपटें
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस इसकी चपेट में आ गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम के सामने बस धू-धू कर जल रही थी और आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस बुरी तरह जल चुकी थी।
सभी 30 यात्री सुरक्षित, कोई घायल नहीं
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते बस रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर ADCP रल्लापल्ली वसंथ कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने शहीद पथ पर दोनों तरफ का यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया।
दमकल अधिकारी के मुताबिक समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
हादसे के बाद शहीद पथ पर लगा जाम
चलती बस में आग लगने के बाद शहीद पथ पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकालने की व्यवस्था की।
आग बुझाए जाने के बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर जली हुई बस को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
प्रारंभिक तौर पर बस का पिछला टायर फटने के बाद निकली चिंगारी को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति जांच के बाद और स्पष्ट हो सकेगी।