पिनाहट। थाना मनसुखपुरा क्षेत्र के रनूपुरा गांव में शनिवार शाम घर में बनी सब्जी के भगौने में छिपकली मिलने से खाना खा चुके बच्चे घबरा गए। परिजन सभी बच्चों को तत्काल सीएचसी पिनाहट लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच और प्राथमिक उपचार के बाद सभी को स्वस्थ बताते हुए घर भेज दिया।
रनूपुरा निवासी गिरंद सिंह और पंकज सिंह दोनों सगे भाइयों के परिवार एक साथ रहते हैं। शनिवार शाम करीब सात बजे पंकज सिंह की पत्नी रचना ने घर में खाना बनाया। परिवार के बच्चों और स्वयं रचना ने भी खाना खा लिया। इसके बाद सब्जी के भगौने में छिपकली पड़ी दिखाई दी। इसे देखकर खाना खा चुके सोनल (8), तन्नू (15), कौशल (8), संगम (7), जीवन (18) और शेर सिंह (9) घबरा गए।
परिजन सभी को लेकर सीएचसी पिनाहट पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सभी की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुशवाह ने बताया कि बच्चे घबरा गए थे। जांच में सभी की हालत सामान्य थी और वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं।