खंदौली सीएचसी से पल्स पोलियो अभियान शुरू, 68 टीमें घर-घर पिलाएंगी खुराक

Agra

खंदौली सीएचसी से सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ: 68 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पिलाएंगी खुराक

Jun 28, 2026
1 Likes
4
undefined minute read
Speak Loud
 0
14px16px18px20px22px24px
Save
Likes

Agra के खंदौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 28 जून को पोलियो अभियान बूथ स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके बाद 29 जून से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना है।

ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 68 टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 133 बूथ और 6 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।

अभियान की निगरानी और शिकायत निवारण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। अभियान के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी शिकायत कंट्रोल रूम में दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत कार्रवाई करेगी।

कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार, बीपीएम कयामुद्दीन, फार्मासिस्ट दिनेश, अजय, एएनएम प्रीति, नर्स अंजना, तरुण सारस्वत सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tag :
Agraआगरा न्यूजयूपी न्यूजआगरा अपडेटताजा खबर
Share :