कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रामलीला मैदान के पास स्थित एक किराए के कमरे में छापेमारी कर नकली नोट बनाने के अवैध कारोबार का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 4 हजार 650 रुपये कीमत के जाली नोट बरामद किए। बरामद नकली नोटों में 50, 100 और 500 रुपये के नोट शामिल बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला हाई-क्वालिटी प्रिंटर, विशेष कागज और अन्य प्रिंटिंग सामग्री भी पुलिस के हाथ लगी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमिल गुप्ता निवासी उरई, जालौन, रोशन अली निवासी कानपुर और शेर सिंह निवासी बांगरमऊ, उन्नाव के रूप में बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शेर सिंह गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वह प्रिंटर की मदद से विशेष इम्पोर्टेड पेपर पर नकली नोट तैयार करता था। इसके बाद गिरोह इन नकली नोटों को बाजार में खपाने के लिए लोगों को उपलब्ध कराता था।
जांच में सामने आया कि गिरोह 10 हजार रुपये के नकली नोटों के बदले करीब 3 हजार रुपये के असली नोट लेता था। आरोप है कि गिरोह मुख्य रूप से कम पढ़े-लिखे लोगों को अपना निशाना बनाता था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, नकली नोटों की सप्लाई और अब तक बाजार में खपाए गए जाली नोटों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नकली नोट के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।