कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एक प्लॉट पर कब्जे की कोशिश और कथित रूप से ₹7 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने यूट्यूबर गौरव कुशवाहा समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, उनके पास संबंधित प्लॉट की देखरेख की जिम्मेदारी है। आरोप है कि 29 जून को क्षेत्र निवासी आयुष साहू, रविंद्र साहू, सरिता साहू, दीपक साहू, उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा ठाकुर, गौरव कुशवाहा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कथित रूप से निर्माण कार्य शुरू कराने लगे।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
₹7 लाख मांगने का आरोप
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया है कि निर्माण रुकवाने के बाद आरोपितों ने उनसे कथित रूप से ₹7 लाख की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर प्लॉट छोड़ने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
डीसीपी दक्षिण के आदेश पर मुकदमा
शिकायत के बाद डीसीपी दक्षिण के निर्देश पर हनुमंत विहार पुलिस ने रंगदारी, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में नामजद लोगों की भूमिका, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। यूट्यूबर गौरव कुशवाहा से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
नोट: यह समाचार शिकायत और एफआईआर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी