महिला हेल्प डेस्क से लेकर अपराध और त्योहार रजिस्टर तक की जांच, माफिया व अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश
कानपुर। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को थाना नौबस्ता का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, महत्वपूर्ण अभिलेखों, लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण व्यवस्था और महिला हेल्प डेस्क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों की गहनता से जांच
डीसीपी साउथ ने थाना कार्यालय में रखे 4 नंबर रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, विवेचना संबंधी रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क रजिस्टर और अपराध रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का निरीक्षण किया।
अभिलेखों की जांच के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड को व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों से थाना क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।
लंबित विवेचनाओं का जल्द और निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश
डीसीपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विवेचकों को निर्देश दिए कि मामलों की जांच अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए और उनका शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान तथ्यों और साक्ष्यों पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई समय से पूरी की जाए।
अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा
अपराध रजिस्टर का अवलोकन करते हुए डीसीपी साउथ ने नौबस्ता थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति और सक्रिय अपराधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ाने और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अपराधी प्रवृत्ति, सांप्रदायिक एवं माफिया तत्वों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने और उनकी गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता पर जोर
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए डीसीपी ने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने और महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए। शिकायतों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
थाने आने वाले फरियादियों से करें सम्मानजनक व्यवहार
डीसीपी साउथ ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपनी समस्या और शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और शालीन व्यवहार किया जाए।
फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने और उन्हें पुलिस की ओर से उचित सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस रहे अलर्ट
आगामी त्योहारों को देखते हुए डीसीपी साउथ ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने थाना पुलिस को त्योहारों से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और थाना क्षेत्र में प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
औचक निरीक्षण के दौरान डीसीपी साउथ ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण, महिला सुरक्षा और आम जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
रिपोर्टर: राहुल द्विवेदी